ताजा खबर

साही का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार
07-Dec-2025 7:49 PM
साही का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार

टेमरी बीट में वन विभाग की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुण्ठपुर (कोरिया), 7 दिसंबर।
बैकुंठपुर परिक्षेत्र के टेमरी बीट में वन विभाग ने अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। 

परिक्षेत्र में तैनात वन रक्षक मनोज एक्का को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग वन्यजीव साही का शिकार कर उसका मांस पकाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए परिक्षेत्राधिकारी ने तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर भेजा।

टीम ने जब घटनास्थल पर दबिश दी, तब तीनों आरोपी आग जलाकर साही का मांस पकाने की तैयारी कर रहे थे। वन अमले ने मौके से साही का मांस, शिकार में उपयोग की गई सामग्री और आग जलाने के उपकरण जब्त किए। पूरी कार्रवाई का पंचनामा तैयार करते हुए आरोपियों को तुरंत हिरासत में लिया गया।

वन विभाग के अफसरों ने बताया कि वन्यजीव शिकार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है। आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी अवैध शिकार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


अन्य पोस्ट