ताजा खबर

खड़े ट्रेलर से टकराई कार, 5 दोस्तों की मौत
07-Dec-2025 2:28 PM
खड़े ट्रेलर से टकराई कार, 5 दोस्तों की मौत

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 7 दिसंबर।
जशपुर जिले के कटनी-गुमला एनएच—43) पर दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास  भीषण सडक़ हादसे में कार सवार पांच युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना देर रात हुई, जब एक कार सडक़ किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में  कार के परखच्चे उड़  गए। सभी दोस्त थे।।
हादसा इतना भयावह था कि कार (सीजी 10 एडी 7771) एक खिलौने की तरह पिचक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ़्तार बेहद तेज थी और वह सडक़ किनारे खड़े ट्रेलर (एनएल 01 एबी 1953) में पीछे से जा घुसी।

टक्कर की आवाज़ इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए। जब तक मदद पहुंचती, कार में सवार पांचों युवकों की सांसें थम चुकी थीं।
मेले की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक दुलदुला क्षेत्र के खटंगा गांव के निवासी थे और जिगरी दोस्त थे। वे आस्ता थाना क्षेत्र में लगे एक मेले का आनंद लेकर वापस घर लौट रहे थे।
 

मृतकों में  राधेश्याम यादव  पिता रामप्रसाद यादव, उदय कुमार चौहान पिता कृष्ण चौहान, सागर तिर्की पिता रफेल तिर्की, अंकित तिग्गा पिता दिलीप तिग्गा, दीपक प्रधान पिता अमर प्रधान है।

दीपक था परिवार का इकलौता सहारा
इस हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर दीपक प्रधान के घर की है। दीपक अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राधेश्याम यादव के भाई महेश्वर ने रुंधे गले से बताया कि देर रात तक सब साथ थे, लेकिन नियति ने सुबह का सूरज देखने का मौका नहीं दिया।
दुलदुला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबे में तब्दील कार से शवों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नेशनल हाईवे 43 पर खड़े भारी वाहनों और तेज रफ़्तार पर एक बार फिर सवालिया निशान लग गया है।
 


अन्य पोस्ट