ताजा खबर
ज्ञान केन्द्र में युवाओं ने संविधान शिल्पी को नमन किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 6 दिसंबर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर डॉ. भीमराव आंबेडकर ज्ञान केन्द्र में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यह केन्द्र निर्धन और जरूरतमंद बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने के लिए जाना जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। उपस्थित पदाधिकारियों, अतिथियों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन धारण कर संविधान शिल्पी को नमन किया।
इस अवसर पर प्रो. जी. पी. रात्रे, कमल डहरिया, सी. एस. खांडे, जितेंद्र पाटले, विन्द्राप्रसाद सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। वक्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के सामाजिक न्याय, बराबरी और बंधुता स्थापित करने के संघर्ष को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।
ज्ञान केन्द्र में समय–समय पर डॉ. आंबेडकर के जीवन, विचार और सामाजिक परिवर्तन पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिनसे छात्रों को प्रेरणा मिलती है और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।


