ताजा खबर
हासन (कर्नाटक), 6 दिसंबर। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को कहा कि उनके नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार आठ दिसंबर से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाये जाने पर उसका सामना करने के लिए तैयार है।
उनके साथ उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार भी मौजूद थे।
सिद्धरमैया ने एक बार फिर कहा कि नेतृत्व के मुद्दे पर वे दोनों आलाकमान के फैसले का पालन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘उन्हें (विपक्ष को) अविश्वास प्रस्ताव, स्थगन प्रस्ताव या कोई अन्य प्रस्ताव लाने दीजिए। हम उसका सामना करने के लिए तैयार हैं। हमारी सरकार खुली किताब और पारदर्शी है। हम किसी भी चीज़ का सामना करने के लिए तैयार हैं।’’
हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने स्पष्ट किया कि पार्टी और जद(एस) ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के संबंध में अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है।
कर्नाटक विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आठ दिसंबर से महाराष्ट्र की सीमा से लगे बेलगावी में शुरू होगा और इस महीने की 19 तारीख तक चलेगा।
नेतृत्व के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देने से बचते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आलाकमान जो भी फ़ैसला लेगा, मैं और डी.के. शिवकुमार उसके प्रति प्रतिबद्ध हैं।’’
इससे पहले दिन में, बेंगलुरू में शिवकुमार, डॉ भीम राव आंबेडकर की 70वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ विधान सौध से हवाई अड्डे तक गए थे, जिसके बाद राज्य में नेतृत्व के मुद्दे पर दोनों के बीच संभावित चर्चा के बारे में कुछ अटकलें लगाई जा रही थीं। (भाषा)


