ताजा खबर
वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल को दिए एक इंटरव्यू में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में उनकी पार्टी की हार के कारणों पर चर्चा की है.
'दिल से विद कपिल सिब्बल' यूट्यूब चैनल पर एक इंटरव्यू में तेजस्वी यादव से सवाल किया गया कि 2020 में आरजेडी की 75 सीटें आई थीं, तो 2025 में ये कम होकर 25 सीटें कैसे हो गईं?
इस पर तेजस्वी यादव ने कहा, "ये बात कोई भी, ख़ासकर बिहार की जनता पचा नहीं पा रही है...(इस चुनाव में) लोकतंत्र हारा है मशीनरी जीती है."
"बदलाव सब चाहते थे. ईवीएम बदलाव नहीं चाहता था, बैलेट बदलाव चाहता था. इसका (ईवीएम में गड़बड़ी का) कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं है, लेकिन मैं यह महसूस कर सकता हूं कि अदृश्य शक्तियों ने अपना काम किया. अभी यह सामने नहीं आ पा रहा है कि क्या हुआ है, लेकिन आने वाले समय में ज़रूर पर्दाफ़ाश होगा."
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया, "चुनाव आयोग पूरी बेईमानी के मोड में था. चुनाव आयुक्त पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकती, बिल में ये संशोधन भी आया. क्यों बदला गया? यानी आप कुछ गड़बड़ करने वाले हो. चुनाव आयोग ने जिस तारीख़ की घोषणा की, योजना के पैसे मिलने के ठीक तीन घंटे बाद आचार संहिता लगाई गई." (bbc.com/hindi)


