ताजा खबर
गोवा के एक नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 23 लोगों मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. साथ ही उन्होंने मुआवज़े का एलान किया है.
शनिवार देर रात हुए इस हादसे पर पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अर्पोरा, गोवा में लगी आग की घटना बेहद दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजन खो दिए हैं, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं."
साथ ही पीएम मोदी ने इस हादसे में घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
उन्होंने बताया, "मैंने इस स्थिति को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री डॉक्टर प्रमोद सावंत से बात की है. राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है."
वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया, "अर्पोरा, गोवा की इस घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ़ से 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी."
जारी बयान के मुताबिक़, घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. (bbc.com/hindi)


