ताजा खबर
पाकिस्तान ने कहा है कि वो अरुणाचल प्रदेश के मुद्दे पर चीन के रुख़ का समर्थन करता है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ''हमने चीन के विदेश मंत्रालय के बयान को नोट किया है. पाकिस्तान चीन का संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के मामले में हमेशा से ही समर्थन करता रहा है और आगे भी करता रहेगा.''
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में अरुणाचल प्रदेश को लेकर यह बयान दिया.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के बयान में कहा गया है, ''चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से अरुणाचल प्रदेश पर दिए गए बयान से जुड़े मीडिया के सवाल पर हमारा यही कहना है कि पाकिस्तान चीन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के मामले में चीन का समर्थन करता है.''
चीन अरुणाचल प्रदेश अपना दावा करता रहा है. लेकिन भारत इन दावों को खारिज करता रहा है. भारत का कहना है कि अरुणाचल उसका अभिन्न हिस्सा है. (bbc.com/hindi)


