ताजा खबर

इंडिगो ने ऑपरेशनल संकट पर माफी मांगते हुए रिफंड और फ्री रीशेड्यूलिंग के बारे में दी जानकारी
05-Dec-2025 8:03 PM
इंडिगो ने ऑपरेशनल संकट पर माफी मांगते हुए रिफंड और फ्री रीशेड्यूलिंग के बारे में दी जानकारी

इंडिगो ने एक बयान जारी कर अपने सभी यात्रियों से पिछले कुछ दिनों की अव्यवस्था और परेशानियों के लिए माफी मांगी है.

एयरलाइन ने कहा है कि उसकी सेवाओं में गंभीर ऑपरेशनल दिक्कत आई थी, जिसके कारण कई उड़ानें रद्द हुईं और यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा.

कंपनी ने बताया कि आज (5 दिसंबर 2025) सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द की जा रही हैं ताकि सिस्टम को रीबूट करके कल से धीरे-धीरे सुधार शुरू किया जा सके.

यात्रियों के लिए घोषणाएं करते हुए एयरलाइन ने कहा है कि सभी रद्द उड़ानों के रिफंड यात्रियों को अपने-आप उसी पेमेंट मोड में भेजे जाएंगे.

साथ ही 5 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच की यात्रा के लिए सभी कैंसिलेशन/रीशेड्यूल पर पूरा शुल्क माफ होगा.

एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा के लिए कई शहरों में होटल रूम और परिवहन की व्यवस्था की गई है. एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे यात्रियों को खाना और स्नैक्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि अपनी फ्लाइट की स्थिति करके ही एयरपोर्ट का रुख़ करें.

भारत के बड़े हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी मची हुई है क्योंकि देश की सबसे बड़ी एयरलाइन ने लगातार चौथे दिन सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी हैं या देर से उड़ान भरी हैं.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट