ताजा खबर

मुठभेड़ में 1 करोड़ 30 लाख के ईनामी 18 नक्सली ढेर, आधुनिक हथियार बरामद
04-Dec-2025 9:33 PM
मुठभेड़ में 1 करोड़ 30 लाख के ईनामी 18 नक्सली ढेर, आधुनिक हथियार बरामद

 डीआरजी के 3 जवान शहीद, 3 घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 4 दिसंबर। बीजापुर जिले के थाना भैरमगढ़ व नैमेड़ क्षेत्र के कचीलवार पोटेनार जंगल में 3 व 4 दिसंबर को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच चली मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने 1 करोड़ 30 लाख रुपये के इनामी 18 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इनमें पीएलजीए कंपनी नंबर-02 का कमांडर वेल्ला मोडियम समेत कई बड़े स्तर के कैडर शामिल हैं। मौके से बड़ी मात्रा में आधुनिक हथियार, विस्फोटक सामग्री  बरामद की गई हैं।

इस मुठभेड़ में बहादुरी से लड़ते हुए डीआरजी बीजापुर के 3 जवान शहीद हो गए  वहीं 3 जवान घायल हुए हैं, जो खतरे से बाहर है।

कैसे शुरू हुआ अभियान

बीजापुर पश्चिम बस्तर डिवीजन क्षेत्र के भैरमगढ़-नैमेड़ के सरहदी इलाकों के घने जंगलों में पीएलजीए कंपनी नंबर-02 के कमांडर मोडियम वेल्ला, डीवीसीएम मोटू कवासी, प्लाटून-13 कमांडर झितरू समेत 25-30 नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ और कोबरा 210 की संयुक्त टीम अभियान पर निकली।

3 दिसंबर की सुबह 9 बजे से शुरू हुई रुक-रुक कर चलने वाली गोलाबारी 4 दिसंबर की सुबह 8 बजे तक जारी रही।

18 नक्सली ढेर, भारी हथियार बरामद

सर्च के दौरान सुरक्षाबलों को कुल 18 नक्सलियों के शव बरामद हुए। इनमें कई शीर्ष स्तर के कैडर शामिल हैं। जिनमें डीवीसीएम वेल्ला मोडियम (10 लाख का इनामी), सीवाईपीसी रैनु ओयाम (8 लाख), डीवीसीएम सन्नू अवलम (8 लाख), पीपीसीएम नन्दा मीडिय़म, पीपीसीएम लालू उर्फ सीताराम, पीपीसीएम राजू पूनेम समेत 16 माओवादी जिन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दो मृत नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

ये हथियार हुए बरामद

मुठभेड़ स्थल से प्राप्त हथियार और सामग्री -एक एलएमजी, चार एके-47, चार एसएलआर 7.62, एक  इंसास 5.56, दो  .303 रायफल, चार सिंगल शॉट रायफल, दो बीजीएल लॉन्चर, नक्सली वर्दी, रेडियो सेट, स्कैनर, मेडिकल किट, हथगोले और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

शहीद जवानों को दी गई अंतिम सलामी

मुठभेड़ में डीआरजी बीजापुर के तीन  बलिदान हुए जवानों प्रधान आरक्षक मोहन बड़दी, ग्राम उसकालेड, आरक्षक दुकारू राम गोंडे, ग्राम बोदली, जवान रमेश सोढ़ी, ग्राम पुन्नुर को  शहीद वाटिका, बीजापुर में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शहीदों के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार हेतु उनके गृह ग्राम रवाना किया गया।

घायल जवान रायपुर रेफर

मुठभेड़ में घायल हुए जवान एएसआई जनार्दन कोरम, आरक्षक सोनदेव यादव, आरक्षक रामलू हेमला को तत्काल हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

अब तक की बड़ी उपलब्धि

2024-2025 में नक्सलवाद पर सबसे भारी प्रहार

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि साल 2025 में अभी तक 161 माओवादी मारे गए, 546 गिरफ्तार, 560 ने आत्मसमर्पण किया।

जनवरी 2024 से अब तक

219 माओवादी ढेर, 1049 गिरफ्तार, 790 ने हथियार डाले

अब विकल्प सिर्फ आत्मसमर्पण-आईजी

पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टीलिंगम ने कहा कि बस्तर में पुलिस और हितधारितों की साझा इच्छाशक्ति ने माओवादी संगठन को पूरी तरह कमजोर कर दिया है।

उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 से अब तक 469 माओवादी कैडरों के शव बरामद हुए, जिनमें कई वरिष्ठ नेतृत्व वाले माओवादी शामिल हैं।

आईजी ने शहीद जवानों की वीरता को नमन करते हुए कहा हमारा लक्ष्य स्पष्ट है एक शांतिपूर्ण और नक्सल-मुक्त बस्तर।


अन्य पोस्ट