ताजा खबर
नयी दिल्ली, 4 दिसंबर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय पर उस वक्त निशाना साधा, जब उन्होंने (रॉय ने) एक विधेयक पर केंद्रीय मंत्री के हिंदी बोलने को लेकर आपत्ति जताई।
सीतारमण ने कहा कि सदन में अनुवाद तकनीक मौजूद है और यह (तकनीक) सदस्यों को किसी भी भाषा में दिये गये संबोधन का अनूदित रूप सुनने में सक्षम बनाती है।
रॉय ने लोकसभा में ‘‘स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर विधेयक 2025’’ पर कहा कि उन्हें इस विषय पर मंत्री के हिंदी में दिए गए संबोधन को समझने में कठिनाई हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘निर्मला जी ने भी हिंदी में बात की। मैं उनकी बात समझ नहीं पाया, क्योंकि हम बंगाली हैं; हम हिंदी का इतना अधिक ज्ञान नहीं रखते।’’
इस पर, पीठासीन सभापति जगदम्बिका पाल ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही कई भाषाओं में उपलब्ध है। उन्होंने रॉय से कहा, ‘‘यह पहले से ही संसद ऐप पर उपलब्ध है; आप इसे देख सकते हैं।’’
तृणमूल सांसद ने जवाब दिया, ‘‘हम बंगाली हैं, और बंगाली ही रहेंगे।’’ इस पर पाल ने उन्हें आगाह किया। उन्होंने कहा, ‘‘आप बंगाली हैं, लेकिन आप हिंदी के बारे में इस तरह बात नहीं कर सकते।’’
सीतारमण ने इस बीच रॉय की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया, ‘‘मैं हिंदी में बोल सकती हूं, तमिल में बोल सकती हूं, तेलुगु में बोल सकती हूं, अंग्रेजी में बोल सकती हूं। माननीय सदस्य को इससे क्या फर्क पड़ता है?’’
सदन में उपलब्ध अनुवाद प्रणाली की ओर इंगित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अध्यक्ष द्वारा की गई व्यवस्था के कारण, वह (रॉय) अपनी इच्छित भाषा में अनुवाद प्राप्त कर सकते हैं।’’
मंत्री ने कहा कि रॉय विधेयक से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
सीतारमण ने कहा, ‘‘उन्होंने (रॉय ने) विधेयक को पूरी तरह से नहीं पढ़ा है, इसलिए वह विषय से ध्यान भटकाना चाहते हैं, इसलिए ये सब बातें उठा रहे हैं। मुझे इस पर आपत्ति है और इसे रिकॉर्ड में दर्ज किया जाना चाहिए।’’ (भाषा)


