ताजा खबर
बालासोर, 4 दिसंबर। ओडिशा के बालासोर जिले में एक सरकारी स्कूल के छात्रावास में नौ वर्षीय आदिवासी छात्र को उसके बिस्तर से बांध दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
'पीटीआई-भाषा' इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका।
यह घटना नीलगिरि प्रखंड के बेगुनिया यूजीयूपी स्कूल में हुई।
जिला प्रशासन के संज्ञान में बृहस्पतिवार को यह मामला आया जिसके बाद एक वरिष्ठ अधिकारी ने आदिवासी कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास का दौरा किया।
बालासोर की उपजिलाधिकारी मधुस्मिता सामंत्रे ने कहा, "हमने चौथी कक्षा के छात्र को बिस्तर से जंजीर से बंधा हुआ पाया। हमने प्रधानाध्यापक, छात्रावास अधीक्षक और शिक्षकों के बयान दर्ज किए। उन्होंने दावा किया कि लड़के को उसके माता-पिता के सुझाव पर जंजीर से बांधा गया था।"
स्कूल प्रशासन ने दावा किया कि लड़के को बार-बार हॉस्टल से भागने और घर वापस जाने से रोकने के लिए बांधा गया था।
लड़के की मां, लिली सिंह ने कहा कि उन्होंने स्कूल प्रशासन से अनुरोध किया था कि उनके बेटे को जंजीर से बांधकर रखा जाए क्योंकि वह अक्सर हॉस्टल से भाग जाता था।
मां ने कहा, "हमने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसलिए स्कूल से अनुरोध किया गया कि उसे बांधकर रखा जाए और केवल स्कूल के समय खोला जाए।" (भाषा)


