ताजा खबर

रामचन्द्रपुर खरीदी केंद्र बदलने से आक्रोश, सडक़ पर उतरे किसान
01-Dec-2025 4:13 PM
रामचन्द्रपुर खरीदी केंद्र बदलने से आक्रोश, सडक़ पर उतरे किसान

चक्काजाम से वाहनों की लंबी कतार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज/रामचन्द्रपुर, 1 दिसंबर।
धान खरीदी केंद्र को पुराने स्थल से हटाकर नए स्थान पर बनाए जाने के विरोध में आज रामचन्द्रपुर क्षेत्र के किसानों ने सडक़ों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

किसानों की मांग है कि धान खरीदी पूर्व निर्धारित पुराने स्थान पर ही संचालित की जाए, क्योंकि नया केंद्र उनके लिए असुविधाजनक और दूरी में अधिक है।

रामानुजगंज-रामचन्द्रपुर-सनावल मुख्य मार्ग पर किसानों ने सुबह से ही चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटे तक सडक़ पूरी तरह अवरुद्ध रही और आमजन परेशान रहे। वाहनों की आवाजाही ठप होने से स्कूल, ऑफिस जाने वाले लोग और मालवाहक वाहन भी फंसे रहे।

किसानों का कहना है कि—पुराना खरीदी केंद्र बरसों से संचालित होता आ रहा था, जहां पहुंचना आसान था। सरकार और विभाग ने बिना किसानों से चर्चा किए इसे अचानक बदल दिया, जिससे परेशानी बढ़ गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाने की कोशिशें शुरू कीं। किसान प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक खरीदी केंद्र पुराने स्थल पर बहाल नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है और मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की कोशिशें जारी हैं।


अन्य पोस्ट