ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 26 फरवरी। छत्तीसगढ़ के वनांचल जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) में बुधवार को तेज रफ्तार ने बड़ा हादसा करा दिया। शादी में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 40 लोग घायल हो गए, जिनमें 20 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री बधौरी से बरौर गांव की ओर विवाह समारोह में जा रहे थे। पिकअप में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। खुरपा गांव के पास वाहन अचानक बेकाबू हो गई और तीन बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गाड़ी काफी तेज गति से चल रही थी। मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को पिकअप से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कई लोग सड़क किनारे दर्द से कराहते नजर आए। महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा ने बताया कि अधिकांश घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी का इलाज जारी है। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को बिलासपुर रेफर किया जाएगा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
मालूम हो कि ग्रामीण इलाकों में शादी-ब्याह और अन्य कार्यक्रमों में लोगों को एक साथ ले जाने के लिए अक्सर पिकअप जैसे मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन यह लापरवाही कई बार जानलेवा साबित होती है। पुलिस समय-समय पर जांच अभियान चलाती है, मगर यह नियमित नहीं है।


