ताजा खबर
डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में मोदी की सलाह, छत्तीसगढ़ पुलिस की तारीफ
‘छत्तीसगढ़’ की विशेष रिपोर्ट
रायपुर, 1 दिसंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में पीएम नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सल फ्रंट पर छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्रवाई की तारीफों के पुल बांधे। पीएम ने तो नक्सल प्रभावित इलाकों में लोगों का भरोसा जीतने के लिए रोड मैप तैयार करने का सुझाव दिया है।
तीन दिन तक चले डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस का रविवार को नवा रायपुर स्थित आईआईएम संस्थान में समापन हुआ। कॉन्फ्रेंस में केन्द्रीय गृहमंत्री तीनों दिन रहे, जबकि पीएम मोदी दो दिन कॉन्फ्रेंस में रहे। पीएम और केन्द्रीय गृहमंत्री पूरे कांफ्रेंस में रहे, सभी राज्यों का प्रेजेंटेशन देखा।
छत्तीसगढ़ से डीजीपी अरूण देव गौतम, एडीजी ( नक्सल आपरेशन) विवेकानंद, सरगुजा आईजी दीपक झा व बीजापुर बटालियन में कमांडेन्ट मयंक गुर्जर शामिल हुए।
बताया गया कि नक्सलवाद पर डीजीपी अरूण देव गौतम और एडीजी विवेकानंद ने प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने विस्तार से बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने किन परिस्थितियों में नक्सल मोर्चे पर काम किए हैं।
अबूझमाड़, सुकमा और फिर बीजापुर के कर्रेगुट्टा के जंगल में सबसे लंबे समय तक चले नक्सल ऑपरेशन से भी अवगत कराया।
डीजीपी ने यह भी बताया नक्सल क्राइम में लगातार गिरावट आई है। पैरामिलिट्री फोर्सेज के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी जा रही है, और 31 मार्च 2026 से पहले नक्सल उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ पुलिस की तारीफ की, और कहा कि नक्सल मुक्त इलाकों में लोगों का भरोसा जीतने के रोड मैप तैयार कर काम किया जाना चाहिए।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह तो कांफ्रेंस के शुरूआत में कहा था कि अगले कॉन्फ्रेंस से पहले देश नक्सल समस्या से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस की प्रशंसा की, और कहा देश में 126 जिले नक्सल प्रभावित थे और अब 11 जिले रह गए हैं। शाह ने जोर देकर कहा कि ये क्षेत्र भी जल्द ही बाकी क्षेत्रों की तरह हो जाएंगे।
पीएम के साथ लौटे डोभाल
डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में एनएसए अजीत डोभाल पूरे समय उपस्थित थे। वो कॉन्फ्रेंस समापन के बाद पीएम नरेंद्र मोदी के साथ विशेष विमान से दिल्ली गए। जबकि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पीएम को विदाई देने के बाद अलग विमान से गए हैं।
मोदी और शाह को विदाई देने राज्यपाल रामेन डेका, सीएम विष्णु देव साय, दोनों डिप्टी सीएम अरूण साव व विजय शर्मा के अलावा सभी मंत्री मौजूद थे।


