ताजा खबर
9 दिसंबर को प्रतिनिधि मंडल दिल्ली के लिए रवाना होगा, तीन दिनों तक सांसदों-मंत्रियों से मुलाकात का कार्यक्रम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 1 दिसंबर। बिलासपुर की हवाई सुविधा को बेहतर बनाने की पुरानी मांग एक बार फिर देश की राजधानी में उठाई जाएगी। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का प्रतिनिधि मंडल संसद के शीत सत्र के दौरान 9 दिसंबर को दिल्ली रवाना होगा।
तीन दिन के प्रवास में समिति के सदस्य केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अन्य सांसदों से मुलाकात कर बिलासपुर में हवाई सेवा विस्तार व महानगरों तक सीधी उड़ान शुरू करने की मांग रखेंगे।
समिति के सदस्यों ने कहा कि बिलासपुर के नागरिक वर्षों से एक बेहतर और सुविधायुक्त एयरपोर्ट की मांग करते आ रहे हैं। देश के चारों दिशाओं के बड़े शहरों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता तक सीधी उड़ानें शुरू करना लोगों की प्राथमिक जरूरत बन चुकी है।
उनका कहना है कि लगातार चल रहे जन आंदोलन के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। रेलवे जोन आंदोलन की सफलता का उदाहरण देते हुए समिति ने कहा कि अब समय फिर आ गया है जब रायपुर के मुकाबले बिलासपुर की पहचान को मजबूत तरीके से सामने रखा जाए।
समिति ने सहयोगी संगठनों और बिलासपुर के नागरिकों से अपील की गई है कि वे इन प्रयासों में शामिल होकर समिति का मनोबल बढ़ाएं।
इधर बिलासपुर में संघर्ष समिति का महा धरना लगातार जारी है। रविवार को धरना स्थल पर रवि बनर्जी, अशोक भंडारी, मनोज तिवारी, शिरीष कश्यप, रणजीत सिंह खनूजा, विजय केशरवानी, देवेंद्र सिंह, मोहन जायसवाल, चंद्र प्रकाश जायसवाल, भय्यू सिंह गौतम, अमर बजाज, नारद श्रीवास, रशिद बक्श, अखिल अली सहित कई लोग मौजूद रहे और आंदोलन को समर्थन दिया।


