ताजा खबर

कांग्रेस के नेशनल टैलेंट हंट में शामिल हुए इंजीनियर, अधिवक्ता और पत्रकार
01-Dec-2025 11:55 AM
कांग्रेस के नेशनल टैलेंट हंट में शामिल हुए इंजीनियर, अधिवक्ता और पत्रकार

प्रवक्ता पद के लिए 25 दावेदारों ने दिया इंटरव्यू, पार्टी इतिहास से लेकर योजनाओं तक पूछे गए सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 1 दिसंबर। कांग्रेस के नेशनल टैलेंट हंट प्रोग्राम के तहत संभागीय स्तर पर नए प्रवक्ताओं के चयन के लिए रविवार को कांग्रेस भवन, बिलासपुर में साक्षात्कार आयोजित किया गया।
इस इंटरव्यू में पूर्व विधायक, इंजीनियर, अधिवक्ता, युवा पत्रकार, प्रदेश सचिव समेत कुल 25 प्रतिभागी शामिल हुए। प्रवक्ता पद के लिए 45 आवेदन मिले थे, लेकिन इंटरव्यू पैनल के सामने बिलासपुर संभाग के लगभग हर जिले से 25 उम्मीदवार पहुँचे।

साक्षात्कार पैनल में पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय, अनिल सिंह चौहान, सागर सोलंकी और मणिशंकर वैष्णव शामिल थे। उम्मीदवारों से कांग्रेस की स्थापना, पहले अध्यक्ष का नाम, आजादी के समय के अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य बनने के दौरान के अध्यक्ष और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के बारे में सवाल पूछे गए। इतना ही नहीं, नमक सत्याग्रह, भारत छोड़ो आंदोलन और आजादी के दौरान कांग्रेस की भूमिका से जुड़े सवाल भी पूछे गए।

जब उनसे कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों और उनके कार्यकाल में चलाई गई महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख करने को कहा गया, तो अधिकांश प्रतिभागी इंदिरा गांधी के कार्यकाल की योजनाएं नहीं बता सके, जबकि कई युवाओं ने मनमोहन सिंह और नरसिंहा राव सरकार की योजनाएं विस्तार से बताईं। अंत में प्रतिभागियों से किसी एक प्रमुख योजना पर लिखकर विवरण देने के लिए कहा गया।

दिलचस्प बात यह रही कि कुछ ऐसे युवा भी साक्षात्कार में पहुंचे जो फिलहाल कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और कांग्रेस की वैचारिक सोच से प्रभावित होकर प्रवक्ता बनना चाहते हैं और पार्टी के लिए निरंतर काम करने की इच्छा रखते हैं।25 प्रतिभागियों में चार  महिलाएं बिलासपुर से अनादि शुक्ला, रायगढ़ से रिंकी पांडेय रायगढ़ से संजुक्ता सिंह राजपूत तथा एक अन्य प्रतिभागी शामिल थीं।

इंटरव्यू के दौरान महिला प्रतिभागियों ने देश में महिलाओं की सुरक्षा, महिला आरक्षण और बढ़ते अत्याचार जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। वहीं पुरुष उम्मीदवारों ने देश की विदेश नीति, आर्थिक चुनौतियों, हालिया आतंकी घटनाओं और बस्तर में नक्सलवाद समाप्ति जैसे विषयों पर अपने तर्क प्रस्तुत किए।

साक्षात्कार में चयनित प्रतिभागियों को 5 दिसंबर के बाद रायपुर बुलाया जाएगा, जहाँ अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


अन्य पोस्ट