ताजा खबर

रजिस्ट्री की नई गाइडलाइन के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
01-Dec-2025 11:54 AM
रजिस्ट्री की नई गाइडलाइन के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेसजनों ने पुलिस से झूमाझटकी के बीच किया सीएम का पुतला दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 1 दिसंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नेहरू चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर नई रजिस्ट्री गाइडलाइन का जोरदार विरोध जताया।

इससे पहले कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में नेहरू चौक पहुंचे। पुलिस भी उनके पीछे-पीछे चल रही थी। नेहरू चौक पहुंचते ही कांग्रेसजनों ने मुख्यमंत्री और जमीन रजिस्ट्री की नई गाइडलाइन के खिलाफ नारे लगाए।

पुतला दहन के दौरान पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी हो गई। इसी बीच कांग्रेसियों ने दूसरा पुतला भी जला दिया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि नई रजिस्ट्री गाइडलाइन में 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी ने मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। एक सामान्य परिवार जीवनभर कमाकर घर बनाने का सपना देखता है, लेकिन सरकार की अव्यवहारिक गाइडलाइन ने यह सपना ध्वस्त कर दिया है। इससे भविष्य में सरकार को भी भारी राजस्व नुकसान झेलना पड़ सकता है। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि 5 डिसमिल से कम जमीन की रजिस्ट्री बंद कर गरीबों पर सीधा हमला किया गया है। भाजपा सरकार उद्योगपतियों की कठपुतली बन गई है और अब गरीबों के मकानों पर अवैध निर्माण के नाम पर बुलडोजर चल रहा है।

कार्यक्रम में शहर व ग्रामीण कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें विजय केशरवानी, विजय पांडेय, सियाराम कौशिक, पंकज सिंह, देवेंद्र सिंह, स्वप्निल शुक्ला, नरेंद्र बोलर, आशीष गोयल, राकेश शर्मा, ऋषि पांडेय, समीर अहमद आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट