ताजा खबर
व्यापम ने गहरे रंगों की ड्रेस पर रोक लगाई, आधी बांह के हल्के रंग के कपड़े मान्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 1 दिसंबर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा 7 दिसंबर को जल संसाधन विभाग के अमीन भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा प्रदेश के 16 जिलों में एक साथ होगी, जिसमें पूरे राज्य से 2.30 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
सिर्फ बिलासपुर में ही 38 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र चुना है। इसके लिए जिले में 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने जिला प्रशासन ने व्यापम के निर्देशों के आधार पर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
व्यापम ने साफ कहा है कि परीक्षार्थी परीक्षा से एक दिन पहले अपने केंद्र का निरीक्षण अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा वाले दिन उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। निर्देश दिया गया है कि अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचें। प्रवेश के दौरान फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 12 बजे शुरू होगी और केंद्र का मुख्य द्वार 11:30 बजे बंद हो जाएगा।
इसलिए समय की पाबंदी बेहद जरूरी है। कहा गया है कि हल्के रंग की आधी बांह की शर्ट या कुर्ता पहनकर आएं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण बिना पॉकेट वाला स्वेटर उपयोग कर सकते हैं। स्वेटर की भी सुरक्षा जांच कराई जाएगी।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले परीक्षार्थियों को सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा और अतिरिक्त जांच से गुजरना पड़ेगा।
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, पाउच, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, कान में किसी भी प्रकार के आभूषण की अनुमति नहीं होगी। फुटवियर में केवल साधारण चप्पल पहनने की अनुमति होगी। अभ्यर्थी परीक्षा में केवल काले या नीले बॉल पेन ही लेकर आएं।
व्यापम ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग करते पाए जाने पर अभ्यर्थी पर कठोर कार्रवाई होगी और उसकी अभ्यार्थिता समाप्त की जा सकती है।


