ताजा खबर

एसआईआर ड्यूटी के दौरान बीएलओ सुपरवाइजर गश खाकर गिरीं
01-Dec-2025 11:52 AM
एसआईआर ड्यूटी के दौरान बीएलओ सुपरवाइजर गश खाकर गिरीं

लगातार नोटिस, फील्ड प्रेशर और थकावट से तबीयत बिगड़ी, अब हालत स्थिर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 1 दिसंबर। शहर में गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की तेज रफ्तार और लगातार बढ़ते दबाव के बीच बीएलओ एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर पी. गीता कृष्णनन रविवार शाम अचानक काम के दौरान बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।

तारबाहर क्षेत्र के दुर्गा पंडाल के पास बीएलओ डेस्क में गीता कृष्णन सुबह से ही लगातार बैठकर काम कर रही थीं। सहयोगियों का कहना है कि एसआईआर कार्य की लगातार समीक्षा, विभागीय नोटिसों के दबाव और पूरे दिन की थकान के कारण  उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वे जमीन पर गिर पड़ीं।

फॉर्म जमा कराने आए मतदाता घबरा गए और उन्हें संभालने की कोशिश की। पास में मौजूद एक महिला ने तुरंत अपनी कार से गीता कृष्णनन को जिला अस्पताल पहुंचाया।
पहले उन्हें कैजुअल्टी में भर्ती किया गया, फिर स्थिति गंभीर होने पर आईसीयू में शिफ्ट किया गया।

सूत्र बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों से विभाग में ई-केवाईसी की धीमी प्रगति, पोषण ट्रैकर ऐप में कम अपडेट और आंगनबाड़ी संचालन में कई कमियों को लेकर भी पर्यवेक्षकों पर लगातार नोटिस दिए जा रहे थे। इस तरह महिला एवं बाल विकास विभाग के बीएलओ कर्मचारियों पर काम का दोहरा तिहरा दबाव है। विभागीय परियोजना अधिकारी की ओर से हाल ही में जारी पत्र में भी लिखा गया था कि समय-सीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम मनीष साहू के अनुसार  पर्यवेक्षक की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही हम अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टरों ने बताया है कि वे ब्लड प्रेशर की मरीज हैं। इलाज जारी है और फिलहाल सब ठीक है।


अन्य पोस्ट