ताजा खबर

तूफ़ान दित्वाह के कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कई ज़िलों में येलो अलर्ट घोषित
01-Dec-2025 9:18 AM
तूफ़ान दित्वाह के कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कई ज़िलों में येलो अलर्ट घोषित

तूफ़ान दित्वाह के मद्देनज़र मौसम विभाग ने सोमवार को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई ज़िलों में येलो अलर्ट घोषित किया है.

मौसम विभाग के अनुसार तिरुनेलवेली, थुट्टुकोड़ी और तेनकासी से लेकर नेल्लोर, अल्लूरी सीताराम राजू और श्रीकाकुलम तक समुद्र तटीय इलाक़ों में तूफ़ान के कारण बिजली के साथ भारी बारिश हो सकती है और तेज़ हवाएं चल सकती हैं.

तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश सरकारें इसके लिए तैयारी में जुटी हैं.

तमिलनाडु के आपदा प्रबंधन मंत्री के.के.एस.एस.आर रामचंद्रन ने स्टेट इमर्जेंसी ऑपरेशन सेंटर का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्थिति पर नज़र बनाए हुए है.

वहीं आंध्र प्रदेश के मंत्री अनम रामनारायण रेड्डी ने कहा, "तूफ़ान दित्वाह धीरे-धीरे कमज़ोर पड़ रहा है लेकिन इसका बड़ा असर नेल्लोर ज़िले में पड़ सकता है. इस कारण यहां भारी बारिश हो सकती है."

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि इस कारण कम से कम नुक़सान हो, सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए तैयारी की है.

कहां, कहां बारिश की संभावना

वाइज़ैग साइक्लोन वॉर्निंग सेंटर के अधिकारी जगन्नाथ कुमार ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर श्रीलंका के पास बना चक्रवाती तूफ़ान अब दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर तमिलनाडु–पुदुचेरी तट के पास पहुंच गया है.

उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि ये तूफ़ान धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है और फ़िलहाल कडलूर से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, पुदुचेरी से 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से क़रीब 180 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित है.

जगन्नाथ कुमार के अनुसार उत्तर तमिलनाडु-पुदुचेरी तट से तूफ़ान क़रीब 70 किलोमीटर दूर है.

साइक्लोन वॉर्निंग सेंटर का कहना है कि इसकी वजह से दक्षिण के तटीय ज़िलों में पहले दिन अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, दूसरे दिन भी कई जगह बारिश होगी.

मौसम विभाग के अनुसार नेल्लोर और प्रकाशम ज़िलों में अगले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. वहीं तिरुपति, अन्नमय्या, वाईएसआर कडप्पा और बापटला में भी एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

श्रीलंका में भीषण बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अब तक कम से कम 193 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं.

भारी बारिश और बाढ़ के कारण देश के लगभग एक तिहाई हिस्से में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप पड़ गई है.

अधिकारियों के अनुसार चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण श्रीलंका में आपातकाल लागू कर दिया गया है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट