ताजा खबर

एनएच पर तेज रफ्तार का कहर, माजदा की टक्कर से युवती की मौत
30-Nov-2025 12:32 PM
एनएच पर तेज रफ्तार का कहर, माजदा की टक्कर से युवती की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 30 नवंबर। बिलासपुर–रायपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन लगातार हादसों का सबब बनते जा रहे हैं। शनिवार शाम गुरु नानक ढाबा के पास हुए एक सड़क हादसे में बिल्हा की 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हैं। चकरभाठा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक को पकड़ लिया।

बिल्हा बाजारपारा में गुरुद्वारा के पास रहने वाले जगदीश बग्गा शनिवार को अपनी बेटी कसक बग्गा (21) के साथ स्कूटी से बिलासपुर आए थे। काम निपटाकर दोनों शाम करीब 4 बजे बिल्हा वापस लौट रहे थे। करीब 4:15 बजे जैसे ही वे परसदा स्थित एलसीआईटी कॉलेज के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्वराज माजदा ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जगदीश बग्गा स्कूटी समेत सड़क किनारे जा गिरे। वहीं उनकी बेटी कसक सड़क पर गिर पड़ी और तेज रफ्तार माजदा उसके ऊपर से गुजर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 को सूचना दी और घायल पिता को अस्पताल भेजवाया।

हादसे के बाद माजदा का चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। चकरभाठा पुलिस ने कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया और माजदा को भी जब्त कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि चालक नशे में धुत था और तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था।


अन्य पोस्ट