ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 29 नवंबर। जशपुर पुलिस ने 6 करोड़ रुपये की ठगी के एक मामले में ‘सी बुल्स ग्लोबल’ नामक कंपनी से जुड़े तीन फरार आरोपियों को झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कंपनी का कथित एम.डी. मोहम्मद सिराज आलम, इमरान खान और संतोष कुमार साव शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर को पत्थलगांव क्षेत्र के मदनपुर, इंजिको निवासी जागेश्वर लाल यादव ने पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार वे खेती-बाड़ी एवं ठेकेदारी का काम करते हैं। वर्ष 2023 में उन्हें और उनके साथियों को एक होटल में कृषि उत्पादों की जानकारी देने के नाम पर बुलाया गया, जहां उनकी मुलाकात संतोष कुमार साव से हुई।
रिपोर्ट के अनुसार साव ने स्वयं को ‘सी बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन’ कंपनी से जुड़ा बताया और कृषि संबंधी प्लांट में निवेश पर लाभ देने की बात कही। शिकायतकर्ता और उनके साथी निवेश के लिए तैयार हुए। प्रारंभिक महीनों में कुछ रकम ब्याज के रूप में मिलने की बात कही गई, जिसके बाद रकम मिलना बंद हो गया।
निवेशकों ने संतोष कुमार साव से संपर्क किया, जिसके बाद उनकी मुलाकात मोहम्मद सिराज आलम से कराई गई। आरोप है कि सिराज ने स्वयं को कंपनी का एम.डी. बताते हुए कंपनी को ट्रेडिंग संस्था बताया और प्रतिदिन एक फीसदी लाभ का दावा किया। साथ ही जांजगीर-चांपा निवासी हरिशरण देवांगन और संतोष कुमार साहू को अपना सहयोगी बताया।
अलग-अलग जगह आयोजित बैठकों में निवेशकों से करोड़ों रुपये लिए जाने का आरोप है। गारंटी के रूप में विभिन्न बैंकों के चेक दिए गए थे।
शिकायत के अनुसार जागेश्वर लाल यादव, उनके साथियों तथा अन्य लोगों से मिलाकर कुल लगभग 6 करोड़ रुपये लिए गए।
दस्तावेज लेकर रजिस्ट्रेशन कराने का आरोप
रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि 2024 में निवेश की राशि लौटाने के नाम पर मीटिंग आयोजित कर निवेशकों के दस्तावेज लिए गए और उनके नाम पर ‘सी बुल्स सहयोग निधि, रियल स्टेट एवं फाइनेंस लिमिटेड’ के नाम से रजिस्ट्रेशन करा दिया गया। इसके बाद कंपनी की वेबसाइट बंद कर दी गई और संपर्क बंद हो गया।
पुलिस ने पहले हरिशरण देवांगन और संतोष कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। मोहम्मद सिराज आलम, इमरान खान और संतोष कुमार साव फरार थे। पुलिस की तकनीकी टीम और मुखबिरों की सहायता से उनके बोकारो और रांची में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर जशपुर लाया। उनके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक दस्तावेज और लैपटॉप जब्त किए गए हैं। लैपटॉप और बैंक विवरण की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने निवेशकों को प्रतिदिन 1 फीसदी लाभ का वादा करने की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निवेशकों को दिया गया ब्याज, नए निवेशकों की राशि से दिया जाता था। नए निवेशक न मिलने पर भुगतान बंद कर दिया गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पत्थलगांव में दर्ज ठगी के मामले में फरार तीन आरोपियों को झारखंड से हिरासत में लाया गया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।


