ताजा खबर

खेत में रखी धान खरही में लगी आग, लाखों का नुकसान
29-Nov-2025 1:13 PM
खेत में रखी धान खरही में लगी आग, लाखों का नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 29 नवंबर।
धान फसल की तीन एकड़ से अधिक की खरही में किसी असमाजिक तत्व ने आग लगा दी। जिससे 4 किसानों का करीब 80 क्विंटल धान जलकर ख़ाक हो गया। किसानों के अनुसार लाखों का नुकसान हुआ है।

कुछ दिन पहले भी यहां एक और किसान के खेत में आगजनी की घटना हुई थी। लगातार हो रही घटना से चिंतित क्षेत्रीय किसानों ने पुलिस प्रशासन से फसल सुरक्षा के लिए लेकर गुहार लगाई हैं। 

घटना कुरूद थाना अंतर्गत ग्राम बगदेही की है, जिसमें शुक्रवार रात किसान सुधीर साहू, कृष्णा साहू, परदेशी, गिरधर साहू ने कुछ दिन पहले अपने धान की कटाई कर मिंजाई के लिए खेत में ही 4 अलग-अलग खरही बना कर रखा था। जिसमें किसी अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। 

खबर लगते ही किसानों ने आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से गांव के टै्रक्टर से टैंकर में पानी लाया गया, लेकिन खेत दूर खार में होने की वजह से समय पर नहीं पहुंच पाया और खेत में रखी 4 धान खरही देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

 

खेत में आगजनी की यह दूसरी घटना है। कुछ दिन पूर्व ही बगदेही में एक किसान के धान में इसी तरह आग लगा दी गई थी, जिससे उसका काफी नुकसान हुआ था। कल की घटना में करीब 80 क्विंटल धान जलकर ख़ाक हो गया। जिससे किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने शंका जाहिर करते हुए बताया कि द्वेषपूर्ण भावना से अज्ञात लोगों द्वारा धान खरही में आग लगाई गई है। 

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को बताया गया कि घटना में किसान सुधीर साहू 75 डिसमिल, गिरधर साहू 75 डिसमिल, कृष्णा साहू 70 डिसमिल और परदेशी साहू के 1 एकड़ की फसल जली है, इसके दोषियों पर कार्रवाई और क्षतिपूर्ति की मांग प्रशासन से की गई है।


अन्य पोस्ट