ताजा खबर

तिफरा सब्जी मंडी हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिहार में पकड़ा गया
29-Nov-2025 12:16 PM
तिफरा सब्जी मंडी हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिहार में पकड़ा गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 29 नवंबर। तिफरा सब्जी मंडी के पास हुए साहिल सोनकर की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश शर्मा को सिरगिट्टी पुलिस ने बिहार के मुंगेर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले डेढ़ महीने से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों ने उसका पता बता दिया।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात तिफरा सब्जी मंडी के पास साहिल साहू, आकाश शर्मा और एक अन्य युवक का शराब पिलाने को लेकर साहिल सोनकर और किशन उर्फ खोख्सा से विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर साहिल साहू और आकाश शर्मा ने मिलकर डंडे से दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में साहिल सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशन घायल हुआ। हत्या के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने साहिल साहू और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी आकाश शर्मा फरार हो गया था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर छिपता रहा। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी बिहार के मुंगेर में छिपा है। 27 नवंबर को सिरगिट्टी पुलिस की टीम ने वहां दबिश दी और उसे पकड़ लिया।

आकाश की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा, खून से सने कपड़े तथा भागने में उपयोग की गई मोपेड बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाकर आगे की पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट