ताजा खबर
कर्नाटक कांग्रेस में जारी उठापटक के बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का एक नया बयान सामने आया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए डीके शिवकुमार ने कहा, ''कांग्रेस पार्टी का इतिहास बहुत लंबा है और दिल्ली हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहा है. हम भले ही यहां (कर्नाटक) में सरकार में हों लेकिन आख़िर में हमें कांग्रेस पार्टी की नीतियों और संविधान के अंतर्गत ही काम करना होगा. तो पार्टी जब भी मुख्यमंत्री के साथ मुझे दिल्ली बुलाएगी, हम जाएंगे.
''मेरा समुदाय कांग्रेस है. हां, मैं भले ही एक ख़ास समुदाय से ताल्लुक रखता हूं और वह मुझे पसंद करते हैं, लेकिन मेरा लगाव समाज के हर समुदाय से है, चाहे वह पिछड़ा वर्ग हो, अल्पसंख्यक हो या कोई और. यहां तक कि वोक्कालिगा भी पिछड़े वर्ग से आते हैं.''
इससे पहले गुरुवार को डीके शिवकुमार एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसे कांग्रेस आलाकमान से जोड़कर देखा गया.
डीके शिवकुमार ने लिखा था, ''अपना वचन निभाना दुनिया की सबसे बड़ी ताक़त है. चाहे वह कोई जज हो, राष्ट्रपति हो या कोई और. यहाँ तक कि ख़ुद मैं भी. सभी को अपने कहे पर अमल करना चाहिए. वचन की शक्ति ही विश्व-शक्ति है."
2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से नहीं कहा था कि ढाई साल सिद्धारमैया मुख्यमंत्री रहेंगे और ढाई साल डीके शिवकुमार. लेकिन डीके शिवकुमार ने हाल ही में इस मामले में गोपनीय समझौते की बात कही थी. (bbc.com/hindi)


