ताजा खबर
-सरताज आलम
पश्चिमी सिंहभूम ज़िला स्थित सारंडा क्षेत्र में हुए आईईडी विस्फोट में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गई हैं.
ज़िला पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि की है.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि "सिक्योरिटी फोर्सेज़ को निशाना बनाने के लक्ष्य से नक्सलियों ने जराईकेला थाना क्षेत्र के जंगल में IED लगा दिया था.”
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के अनुसार आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिलाएं जंगल में वन उत्पाद इकट्ठा करने गई हुई थीं, उसी समय ज़मीन के अंदर मौजूद आईईडी के ऊपर पैर पड़ने से ज़ोरदार विस्फोट हुआ.
जानकारी के अनुसार विस्फोट जराईकेला थाना के कोलबोंगा गांव के पास के एक जंगल में हुआ है. घटना में इसी गांव की 18 वर्षीय फूलों धनवार की मौत हो गई. जबकि 28 वर्षीय सलामी कुंडलना और 35 साल की बरसी धनवार गंभीर रूप से घायल हैं.
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया, "नक्सलियों की तलाश के लिए पुलिस ने इस क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है." (bbc.com/hindi)


