ताजा खबर

कोर्ट परिसर में कथावाचक की पेशी के दौरान नारेबाजी, वकीलों की नाराजगी के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
17-Nov-2025 11:50 AM
कोर्ट परिसर में कथावाचक की पेशी के दौरान नारेबाजी, वकीलों की नाराजगी के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 नवंबर। कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को अदालत में पेश करने के दौरान शनिवार शाम जिला कोर्ट परिसर में दो गुटों के बीच जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

तखतपुर क्षेत्र में एक समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इसी दौरान कोर्ट परिसर में पहले से मौजूद युवकों ने अचानक नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दूसरे पक्ष के युवक भी नारेबाजी में शामिल हो गए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों पक्ष के युवकों ने एक-दूसरे पर उकसावे का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने जानबूझकर पुलिस के काम में बाधा पहुंचाने और समझाइश दे रहे जवानों से धक्का-मुक्की की। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने उनको कोर्ट परिसर से बाहर खदेड़ दिया और किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण किया। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अदालत परिसर में इस तरह का हंगामा अस्वीकार्य है। अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश से मिलकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। इधर देर रात पुलिस ने दो पक्षों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं 221, 132, 296, 351(2), 3(5) और 191(2) के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है।


अन्य पोस्ट