ताजा खबर

दिल्ली में विस्फोट के बाद पूरे बिहार में अलर्ट जारी: डीजीपी
10-Nov-2025 10:30 PM
दिल्ली में विस्फोट के बाद पूरे बिहार में अलर्ट जारी: डीजीपी

पटना, 10 नवम्बर। दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए विस्फोट के बाद बिहार पुलिस ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने यह जानकारी दी।

चुनावी राज्य बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

कुमार ने कहा, ‘‘दिल्ली में लाल किले के समीप विस्फोट की घटना के बाद पूरे बिहार में उच्च सुरक्षा अलर्ट घोषित किया गया है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे संवेदनशील इलाकों, मतदान केंद्रों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा कड़ी करें।’’

उन्होंने बताया कि राज्य में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान होना है, ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकन्नी हैं।

डीजीपी ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की संयुक्त टीमें गश्त बढ़ा रही हैं। सीमा क्षेत्रों और नक्सल प्रभावित इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि खुफिया एजेंसियों से मिली हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। कुमार ने जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस मुख्यालय ने जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए हैं और सभी जिलों से हर घंटे स्थिति रिपोर्ट मांगी जा रही है।

बिहार में मंगलवार सुबह सात बजे से दूसरे चरण का मतदान शुरू होगा। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर मतदान शाम चार से पांच बजे तक और सामान्य केंद्रों पर शाम छह बजे तक चलेगा।

इस चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिलों में मतदान होगा। मतगणना 14 नवम्बर को होगी। (भाषा)


अन्य पोस्ट