ताजा खबर
ड्राइवर कार छोड़ फरार
रायपुर, 10 नवंबर। सोमवार देर शाम संतोषी नगर रिंग रोड स्थित गोल्डन मार्बल के सामने एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अचानक सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिगा कार (नंबर CG 04 OM 6685) तेज गति से रिंग रोड की ओर से आ रही थी। चालक ने अचानक वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे लगे खंभे से जा भिड़ा। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कार में अकेला चालक ही सवार था, जबकि दूसरी दिशा से आ रही एक अन्य कार में बैठे युवक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कुछ देर तक सड़क पर ट्रैफिक अव्यवस्थित हो गया। सूत्रों के अनुसार, हादसे में घायल युवक को आसपास के लोगों ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार सड़क किनारे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है।


