ताजा खबर
नयी दिल्ली, 10 नवंबर। राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के पास खड़ी एक कार में सोमवार शाम जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिससे आसपास मौजूद कई वाहनों में आग लग गई और कई की खिड़कियों के शीशे टूट गए। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कई लोगों के घायल होने की आशंका है।
विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, दमकल की सात गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई मीटर दूर खड़े वाहनों की खिड़कियां टूट गईं और भीड़भाड़ वाले इलाके के आसपास की इमारतों में भी इसकी आवाज सुनी गई।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-एक के पास खड़ी एक कार में हुआ। इसकी तीव्रता काफी अधिक थी। इसमें कई लोगों के घायल होने की आशंका है।”
एक अधिकारी ने धमाके में एक व्यक्ति की मौत की जानकारी दी है।
विस्फोट के दृश्यों में जलती हुई कारों से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “मैं गुरुद्वारे में था, जब मैंने एक तेज आवाज सुनी। आवाज इतनी तेज थी कि हम समझ ही नहीं पाए कि यह किस चीज की थी।” उसने बताया, “विस्फोट के कारण आसपास खड़े कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए।” (भाषा)


