ताजा खबर
PA MEDIA
बीबीसी के चेयरमैन समीर शाह ने संसद की संस्कृति, मीडिया और खेल कमेटी को दिए अपने लिखित बयान में पैनोरमा डाक्यूमेंट्री में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण की एडिटिंग पर माफ़ी मांगी है.
उन्होंने कहा है कि डाक्यूमेंट्री में ट्रंप के भाषण की एडिटिंग ‘एरर ऑफ़ जजमेंट' था.
उन्होंने लिखा है, "प्रेस्कॉट के मेमो के प्रकाशित होने के बाद से इस मामले में 500 से ज़्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं. इन शिकायतों की अब सामान्य प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है. इस मुद्दे ने बीबीसी को और भी गहराई से विचार करने के लिए प्रेरित किया है.”
उन्होंने अपने लिखित बयान में कहा, “उस विचार-विमर्श का नतीजा यह है कि हम मानते हैं कि भाषण के एडिटिंग के तरीक़े से ऐसा लगा जैसे हिंसा के लिए सीधी अपील की गई हो. बीबीसी इस एरर ऑफ़ जजमेंट के लिए माफ़ी मांगना चाहती है."
बीबीसी पैनोरमा के प्रोग्राम पर आरोप लगा है कि उसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण को एडिट कर दर्शकों को गुमराह किया गया.
इन आरोपों के बाद बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और हेड ऑफ़ न्यूज़ डेबोरा टर्नेस ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. (bbc.com/hindi)


