ताजा खबर

शशि थरूर ने नेहरू-इंदिरा का ज़िक्र कर आडवाणी पर ऐसा क्या कहा जिससे कांग्रेस ने किया किनारा
10-Nov-2025 9:35 AM
शशि थरूर ने नेहरू-इंदिरा का ज़िक्र कर आडवाणी पर ऐसा क्या कहा जिससे कांग्रेस ने किया किनारा

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने के बाद कांग्रेस नेता शशि थरूर कई लोगों के निशाने पर आ गए हैं.

दरअसल, शनिवार को शशि थरूर ने लिखा, “आदरणीय एलके आडवाणी को 98वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. जनसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण, सादगी, शालीनता, और आधुनिक भारत की दिशा तय करने में उनकी भूमिका यादगार है. वो एक सच्चे राजनेता हैं, जिनका जीवन सेवा और आदर्श का प्रतीक रहा है.”

उनके इस पोस्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े ने प्रतिक्रिया दी.

संजय हेगड़े ने लिखा, “माफ़ कीजिए श्रीमान थरूर इस देश में 'नफ़रत के अजगर के बीज' (खुशवंत सिंह के शब्दों में) बोना जनसेवा नहीं है.”

इस पर जवाब देते हुए शशि थरूर ने लिखा, “आपसे सहमत हूं संजय, लेकिन सेवा के उनके लंबे कार्यकाल को एक मामले तक सीमित करना उचित नहीं है. नेहरू जी के संपूर्ण जीवन को महज़ चीन से मिले झटके तक सीमित नहीं किया जा सकता है. न ही इंदिया गांधी के बारे में केवल इमरजेंसी को सामने रखकर फ़ैसला किया जा सकता है. मुझे लगता है कि हमें आडवाणी जी के बारे में भी यही नज़रिया अपनाना चाहिए.”

संजय हेगड़े ने इसके बाद फिर से थरूर को जवाब दिया और लिखा, “रथ यात्रा महज़ एक एपिसोड नहीं थी. यह एक लंबी यात्रा थी, जो भारतीय गणतंत्र के सिद्धांतों के बुनियाद को पटलने के लिए निकाली गई थी. इसी ने बाद में 2002 और 2014 के लिए स्टेज तैयार किया.”

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शशि थरूर के ताज़ा बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

पवन खेड़ा ने लिखा, "हमेशा की तरह डॉक्टर शशि शरूर ने अपनी बात की है और कांग्रेस पार्टी उनके ताज़ा बयान से ख़ुद को अलग करती है. एक कांग्रेस सांसद और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य होने से बाद भी वो ऐसा करते रहते हैं, जो कांग्रेस के अंदर लोकतंत्र को दिखाता है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट