ताजा खबर

उपराज्यपाल सिन्हा, रक्षा वैज्ञानिक डॉ. रेड्डी का प्रेरणादायी मार्गदर्शन
10-Nov-2025 8:45 AM
उपराज्यपाल सिन्हा, रक्षा वैज्ञानिक डॉ. रेड्डी का प्रेरणादायी मार्गदर्शन

एनआईटी का 16वां दीक्षांत समारोह 

रायपुर, 10 नवंबर। एनआईटी  का 16वां दीक्षांत समारोह पंडित दीनदयाल  सभागार में हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि जम्मू एवं कश्मीर के  उपराज्यपाल  मनोज सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि रक्षा मंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार एवं डीआरडीओ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जी. सतीश रेड्डी  रहे। समारोह की अध्यक्षता बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने की। 
संस्थान ने कुल 1,382 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान कीं, जिनमें 1,055 स्नातक, 278 स्नातकोत्तर और 49 डॉक्टरेट (पीएच.डी.) विद्यार्थी शामिल रहे। इस अवसर पर 54 पदक — 27 स्वर्ण और 27 रजत — विभिन्न शाखाओं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किए गए। बी.टेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की आर्या श्रीवास्तव को संस्थान का सर्वश्रेष्ठ छात्र पुरस्कार प्राप्त हुआ।

समारोह का शुभारंभ निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव के स्वागत भाषण से हुआ। 
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सुरेश हावरे ने स्वामी विवेकानंद के संदेश “उत्तिष्ठत, जाग्रत” (उठो, जागो) का उल्लेख करते हुए अनुशासन, परिश्रम और कर्मनिष्ठा का पाठ पढ़ाया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. जी. सतीश रेड्डी ने बताया कि भारत शोध प्रकाशनों और पेटेंट दाखिल करने में विश्व में तीसरे स्थान पर है और युवा वर्ग नवाचार, स्टार्टअप एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई क्रांति का नेतृत्व कर रहा है। 

मुख्य अतिथि  मनोज सिन्हा ने  स्नातकों से आजीवन सीखने, जोखिम उठाने और नवाचार की भावना को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्नातकों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए सफलता के पाँच सूत्र साझा किए — आजीवन सीखना, समस्या-समाधान, निडर नवाचार, टीमवर्क और परिवर्तनशीलता। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नैतिकता और सृजनशीलता का संचार करने का आह्वान किया।

समारोह के प्रथम चरण में स्वर्ण एवं रजत पदक विजेताओं को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स और निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया। द्वितीय चरण में निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और स्नातक, स्नातकोत्तर तथा पीएच.डी. विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान कीं।


अन्य पोस्ट