ताजा खबर
-प्रभाकर मणि तिवारी
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ बंगाल (सीएबी) ने वर्ल्ड कप विजेता महिला क्रिकेट टीम की सदस्य ऋचा घोष को सम्मानित किया है.
शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डन में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी के अलावा सीएबी के पदाधिकारी भी मौजूद थे.
ममता और सौरव ने उम्मीद जताई कि 'ऋचा एक दिन महिला क्रिकेट टीम की कमान संभालेंगी.'
ऋचा को 34 लाख रुपये का एक चेक दिया गया. सौरव गांगुली ने कहा, "ऋचा ने फ़ाइनल में 34 रन बनाए थे. इसलिए उनको यह रकम दी गई है."
इसके बाद सीएबी की ओर से ऋचा को सोने का बैट और बॉल दी गई.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऋचा घोष को राज्य सरकार की ओर से बंगभूषण सम्मान के साथ ही डीएसपी के पद के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंपा. उन्होंने ऋचा के गले में सोने का हार पहनाया.
इसके अलावा ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली के बारे में कहा कि वो सौरव गांगुली को भविष्य में आईसीसी अध्यक्ष के पद पर देखना चाहती हैं.
इस कार्यक्रम में ऋचा अपने माता-पिता के साथ आई थीं. मूल रूप से सिलीगुड़ी की रहने वाली ऋचा शुक्रवार को सिलीगुड़ी पहुंचीं और शनिवार को कोलकाता पहुंची.
ऋचा घोष की प्रतिभा को पहचानने वाली झूलन गोस्वामी ही थीं.
झूलन ने कहा, "मैंने वर्ष 2013 में सीएबी से तमाम ज़िलों से प्रतिभाओं को सामने लाने को कहा था. इसी टैलेंट हंट के दौरान मैंने पहली बार ऋचा को देखा. वह मुझे बेहद प्रतिभावान लगी थीं." (bbc.com/hindi)


