ताजा खबर
नयी दिल्ली, 27 फरवरी। प्रसिद्ध भारतीय रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक इटली में आयोजित होने वाले समकालीन वेनिस कार्यक्रम के 18वें संस्करण के दौरान कैनवस पर रंग और रेत के अनूठे मिश्रण वाली 'जुगलबंदी' पेंटिंग का प्रदर्शन करेंगे।
पटनायक की पांच कृतियों को यूनेस्को विश्व धरोहर शहर वेनिस में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में आधिकारिक तौर पर प्रदर्शित करने के लिए चुना गया है।
पटनायक ने शुक्रवार को कहा, "एक कलाकार के रूप में इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय द्विवार्षिक प्रदर्शनी के लिए चुना जाना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। इतने बड़े पैमाने की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में पहली बार मैं अपनी पेंटिंग प्रदर्शित कर रहा हूं। यह मेरे लिए बहुत ही खास और भावुक पल है।"
पटनायक ने बताया कि उनकी कलात्मक यात्रा की शुरुआत रंगों से हुई, जिसके बाद उन्होंने रेत कला की ओर रुख किया।
उन्होंने कहा, "अब कैनवास पर रंग और रेत दोनों को एक साथ लाना मुझे अपार खुशी देता है। इसके माध्यम से मैं समाज को एक सार्थक संदेश देना चाहता हूं।"
कंटेंपररी वेनिस के 18वें संस्करण में तुर्की, ऑस्ट्रिया, सऊदी अरब, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, ईरान, इटली, ग्रीस, चीन, इज़राइल, श्रीलंका और चेक गणराज्य सहित 30 से अधिक देशों के कलाकार एक साथ आए हैं।
इस नई कलाकृति में, पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित पटनायक ने मिश्रित माध्यम के रंगों को प्राकृतिक रेत के साथ मिलाकर कैनवास पर विशिष्ट चित्र बनाए हैं। उनकी कलाकृतियां प्रकृति, सामंजस्य और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर केंद्रित हैं। (भाषा)


