ताजा खबर
श्रीनगर, 8 नवंबर। राज्य अन्वेषण अभिकरण (एसआईए) ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर में मादक पदार्थ-आतंकवाद से जुड़े एक मामले में सात आरोपियों के खिलाफ यहां राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) अदालत में आरोपपत्र दायर किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस साल की शुरुआत में दर्ज एक मामले में श्रीनगर के विशेष न्यायाधीश (एनआईए अधिनियम के तहत नामित) की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि यह मामला तहरीक-उल-मुजाहिदीन के पाकिस्तान में मौजूद आका मुश्ताक अहमद खान उर्फ खालिद भाई द्वारा कथित तौर पर संचालित एक मादक पदार्थ-आतंकवादी मॉड्यूल से संबंधित है।
उन्होंने कहा कि इलाके में जांच के दौरान एक वाहन से नौ किलोग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद छह जनवरी को परिमपोरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि एसआईए ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 13, 18, 20, 38 और 39, भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (2) और स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 8, 21 और 29 के तहत सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है, जिनमें से एक फरार है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान अनस ऐजाज, जाहिद अहमद शेख, तनजीर अहमद नजर, बिलाल शब्बीर अवान (फरार), मुश्ताक अहमद खान (पाकिस्तान में बैठा आका), बासित अशरफ मलिक और अरसलान मुश्ताक बंगरी के रूप में की गई है। (भाषा)


