ताजा खबर

उप्र: लड़की बनने की चाहत में लड़के ने जननांग काटा, अस्पताल में भर्ती
12-Sep-2025 9:28 PM
उप्र: लड़की बनने की चाहत में लड़के ने जननांग काटा, अस्पताल में भर्ती

प्रयागराज, 12 सितंबर। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय एक युवक ने लड़की बनने की चाहत में अपना जननांग काट लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हालत बिगड़ने पर अमेठी के मूल निवासी युवक को यहां एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में तैनात डॉ. संतोष ने पत्रकारों को बताया कि युवक से बात करने पर पता चला कि किसी व्यक्ति की सलाह पर उसने सर्जिकल ब्लेड से अपना जननांग काट लिया और उसका काफी खून बह गया।

उन्होंने बताया कि युवक का मानना है कि कि भले ही उसका शरीर लड़के का है लेकिन भीतर से वह लड़की है।

डॉ. संतोष ने बताया कि युवक की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।

वहीं पीड़ित ने संवाददाताओं को बताया कि जब वह 14 साल की उम्र में पहुंचा तो उसे लगा कि उसका व्यवहार लड़कियों जैसा है। पीड़ित ने बताया कि लड़की बनने की चाहत में एक व्यक्ति की सलाह पर बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर उसने अपना जननांग काट लिया।

युवक ने बताया कि जब तक इंजेक्शन का असर रहा तब तक उसे कुछ खास पता नहीं चला, लेकिन असर कम होते ही दर्द बहुत बढ़ गया और खून भी काफी बह गया।

उसने बताया कि हालत बिगड़ने पर लोगों से मदद मांगकर वह अस्पताल पहुंचा।(भाषा)


अन्य पोस्ट