ताजा खबर

ईडी ने धनशोधन मामले में कर्नाटक के कांग्रेस विधायक को गिरफ्तार किया
10-Sep-2025 11:31 AM
ईडी ने धनशोधन मामले में कर्नाटक के कांग्रेस विधायक को गिरफ्तार किया

बेंगलुरु, 10 सितंबर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक के कांग्रेस विधायक सतीश कृष्ण सैल को कथित अवैध लौह अयस्क निर्यात से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि उत्तर कन्नड़ जिले के करवार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सैल को 9-10 सितंबर की रात बेंगलुरु में ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया।

उन्होंने बताया कि विधायक को एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें एक दिन की ईडी की हिरासत में भेज दिया। बुधवार को उन्हें फिर से अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी उनकी हिरासत की मांग करेगी।

सैल पिछले कुछ हफ्तों में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए दूसरे कांग्रेस विधायक हैं। पिछले महीने, चित्रदुर्ग के विधायक के.सी. वीरेंद्र को अवैध सट्टेबाजी से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सैल के खिलाफ मामला एक कंपनी द्वारा कथित तौर पर अवैध रूप से लौह अयस्क के निर्यात से जुड़ा है, जिसका संबंध उनसे बताया जा रहा है।

ईडी ने इस मामले में 13-14 अगस्त को करवार, गोवा, मुंबई और दिल्ली में छापेमारी की थी। (भाषा)


अन्य पोस्ट