ताजा खबर

‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ आमसभा कल, कांग्रेस पार्षदों को शहर से भीड़ लाने की जिम्मेदारी
08-Sep-2025 11:57 AM
‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ आमसभा कल, कांग्रेस पार्षदों को शहर से भीड़ लाने की जिम्मेदारी

देवेंद्र यादव ने ली कांग्रेसजनों की मैराथन बैठक

सचिन पायलट का जन्मदिन मनाएंगे कार्यकर्ता, महंत, बैज, बघेल व सिंहदेव भी शामिल होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 8 सितंबर। मंगलवार 9 सितंबर को मुंगेली नाका स्थित ग्रीन गार्डन मैदान में होने वाली कांग्रेस की बड़ी आमसभा ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आमसभा का नेतृत्व कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट करेंगे। सभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

कल 7 सितंबर को राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक देवेंद्र यादव ने बिलासपुर कांग्रेस भवन में महिला कांग्रेस, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई पदाधिकारियों की मैराथन बैठक ली। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लंबी लड़ाई का आगाज़ किया है और उनकी पदयात्राओं ने जनता को जोड़ने का बड़ा काम किया। यादव ने केंद्र सरकार पर चुनाव चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की जीत वोटों की हेराफेरी से हुई है, जिसमें चुनाव आयोग भी शामिल है।

ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि सभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। केवल नगर निगम क्षेत्र से लगभग 4,000 लोगों की जवाबदारी पार्षदों और पार्षद प्रत्याशियों ने ली है। शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि सचिन पायलट के जन्मदिन पर बिलासपुर में यह सभा होना कांग्रेसजनों के लिए गर्व का विषय है।

बैठक में विधायक अटल श्रीवास्तव, विधायक रश्मि आशीष सिंह, पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व सभापति शेख नजीरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

 


अन्य पोस्ट