ताजा खबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 सितंबर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को 18वें दिन भी जारी रही। इस बीच ज़िले के 735 कर्मचारियों ने दो प्रांतीय पदाधिकारियों की बर्खास्तगी के विरोध में सामूहिक इस्तीफ़ा सौंपते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय का घेराव किया।
बुधवार को बिलासपुर एनएचएम में कार्यरत कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याम मोहन दुबे और प्रदेश अध्यक्ष (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ) प्रफुल्ल पाल की बर्खास्तगी का आदेश जारी किया गया था। इसी के विरोध में गुरुवार को सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर ज़बरदस्त प्रदर्शन किया और हस्ताक्षरित सामूहिक त्यागपत्र सीएमएचओ डॉ. शुभा गढ़ेवाल को सौंपा।
सुबह कर्मचारियों ने रोज़ाना की तरह कोन्हेर उद्यान, नेहरू चौक में सभा की और शासन की उदासीनता के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद अनुमति लेकर कर्मचारियों ने बाइक रैली निकालते हुए सरकंडा स्थित सीएमएचओ कार्यालय की ओर कूच किया। कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात था और गेट बंद कर दिया गया था। गेट के बाहर ही कर्मचारियों ने नियमितीकरण और ग्रेड पे की मांग को लेकर जमकर नारेबाज़ी की। अंततः डॉ. गढ़ेवाल बाहर आईं और कर्मचारियों का इस्तीफ़ा स्वीकार किया।
एनएचएम संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष ने कहा कि यह लड़ाई यहीं खत्म नहीं होगी। कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे और नियमितीकरण की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस हड़ताल से शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।