ताजा खबर

ओडिशा में गोहत्या के संदेह में एक दलित की पीटकर हत्या, छह लोग गिरफ्तार
04-Sep-2025 8:03 PM
ओडिशा में गोहत्या के संदेह में एक दलित की पीटकर हत्या, छह लोग गिरफ्तार

भुवनेश्वर, 4 सितंबर। ओडिशा के देवगढ़ जिले में गोहत्या के संदेह में भीड़ ने 35 वर्षीय एक दलित व्यक्ति को कथित रूप से पीटकर मार डाला और उसके सहयोगी को घायल कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार बुधवार को रियामल थाना क्षेत्र के कुंदेइजुरी गांव में यह वारदात हुई और इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान किशोर चमार के रूप में हुई है तथा घायल व्यक्ति उसका साथी गौतम नायक है औ दोनों पड़ोसी गांव कौनसिधिपा के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि किशोर और गौतम पशुओं की खाल उतारने का काम करते थे।

पुलिस के मुताबिक कुछ लोगों ने उन्हें अपने गांव के पास जंगल में एक गाय का मांस काटते हुए देखा। वहां एक गाय का अलग किया हुआ सिर भी पड़ा था।

पुलिस के अनुसार किशोर एवं उसके साथी ने लोगों को बताया कि वे अपनी गाय की मौत के बाद उसका मांस काट रहे हैं, लेकिन उस (किशोर) पर गाय की हत्या का आरोप लगाया गया।

देवगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘लोगों के समूह ने दोनों की पिटाई की जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। नायक घायल तो हुआ, लेकिन वह भागने में कामयाब रहा।’’

मिश्रा ने कहा,‘‘हमने इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट