ताजा खबर

इथोपिया में भारत के राजदूत अनिल राय ने ली बैठक
बिलासपुर, 3 सितंबर। अफ्रीका में व्यापार और निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में मंगलवार को एक बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता इथोपिया (अफ्रीका) में भारत के राजदूत अनिल राय ने की।
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, निगम कमिश्नर अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, सहायक कलेक्टर अरविंथ कुमारन, छत्तीसगढ़ लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया, शहर के उद्योगपति, माइनिंग व्यवसायी, राइस मिलर्स, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग और स्व-सहायता समूह की महिलाएं शामिल हुईं।
बैठक में अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। राय ने कहा कि अफ्रीका के कई देशों में खनिज संपदा तो है, लेकिन तकनीकी संसाधनों की कमी है। भारत इस क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा अफ्रीकी बाजार में धान प्रसंस्करण और कृषि उपकरणों के निर्यात की अच्छी संभावनाएं हैं। अफ्रीका में पर्यटन क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, ऐसे में भारतीय निवेशक साझेदारी कर सकते हैं। राजदूत राय ने बताया कि जोहान्सबर्ग में एक बड़ी प्रदर्शनी होती है, जहां उद्योगपति अवसर तलाश सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अफ्रीका की जीडीपी का 12 प्रतिशत हिस्सा माइनिंग से आता है।
राजदूत राय ने कहा कि भारतीय व्यापारी और उद्योगपति यदि सही दिशा में कदम बढ़ाएं तो अफ्रीका में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने उपस्थित उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और सुझाव भी दिए। शहर के उद्योगपतियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि उचित मार्गदर्शन और सहयोग मिला तो वे अफ्रीका में अपने व्यापार का विस्तार करने को तैयार हैं।