ताजा खबर

भाजपा की महिला नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की मां को अपशब्द कहे जाने को लेकर विपक्ष पर हमला बोला
03-Sep-2025 9:48 AM
भाजपा की महिला नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की मां को अपशब्द कहे जाने को लेकर विपक्ष पर हमला बोला

नयी दिल्ली, 2 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कई महिला नेताओं ने बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां के लिए अपशब्द कहे जाने को लेकर मंगलवार को विपक्ष पर हमला बोला तथा केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से बिना शर्त माफी की मांग की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि दो ‘‘राजकुमारों’’ राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने राजनीति को शर्मसार किया है।

बिहार में एक कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पहली बार इस मुद्दे पर बोलने के बाद, भाजपा की महिला नेताओं ने विपक्षी दलों के नेताओं की आलोचना की।

मोदी ने सवाल किया, ‘‘मेरी दिवंगत मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, उनका दोष क्या है? उनके लिए अपशब्द क्यों कहे गए?’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं उन्हें माफ कर भी दूं लेकिन बिहार की जनता मेरी मां का अपमान करने के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। राज्य की जनता को कहना होगा कि आने वाले दिनों में वे इन पार्टियों के नेताओं को सजा देंगे।’’

सीतारमण ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे "अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और अशोभनीय" बताया तथा इसे भारत की "हर मां" का अपमान बताया।

सीतारमण ने मांग की कि गांधी और यादव बिना शर्त माफ़ी मांगें। उन्होंने कहा, ‘‘ बिहार के लोग भी वही दर्द महसूस कर रहे हैं जो आज प्रधानमंत्री महसूस कर रहे हैं। बिहार के लोग ऐसी चीजों को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।’’

केंद्रीय मंत्री और अपना दल (सोनेलाल) प्रमुख अनुप्रिया पटेल ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया और कहा, ‘‘अगर किसी राजनीतिक दल की संस्कृति में मां का अपमान करना उचित माना जाता है, तो राजनीति का इससे दुर्भाग्यपूर्ण और घटिया उदाहरण और कोई नहीं हो सकता।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि बिहार की महिलाएं प्रधानमंत्री की मां का अपमान करने के लिए विपक्ष को करारा जवाब देंगी।

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि लोकतांत्रिक परंपरा में ऐसी घटिया टिप्पणियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ऐसे कुकृत्यों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

भाजपा की राधिका खेड़ा ने दावा किया कि कांग्रेस ने ये दिखा दिया है कि उसमें भारतीय मूल्यों का अभाव है और आरोप लगाया कि पार्टी को विदेशी लोग चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के तीनों सदस्य -- सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा -- इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता। मोदी के प्रति उनकी नफरत इतनी बढ़ गई है कि वे उनकी दिवंगत मां को भी अपनी गंदी राजनीति में घसीट रहे हैं।’’

गुप्ता ने कहा कि मोदी ने देश के हर हिस्से की सेवा के लिए खुद को समर्पित कर दिया है, लेकिन दोनों ‘‘राजकुमारों’’ (राहुल गांधी और तेजस्वी यादव) ने राजनीतिक विमर्श को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्व्यवहार उनकी राजनीति के निम्न स्तर को दर्शाता है।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में, मंच से एक व्यक्ति ने मोदी की मां के लिए अपशब्द कहे थे, जिससे राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। बाद में उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया था।

दिल्ली भाजपा की महिला प्रकोष्ठ की महासचिव प्रियल भारद्वाज, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिव्या कुमारी, बिहार से भाजपा की राज्यसभा सदस्य धर्मशीला गुप्ता ने भी घटना की निंदा की।

भुवनेश्वर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि बिहार के मतदाता विपक्षी गठबंधन को करारा जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही इतनी निम्न स्तर की राजनीति कर सकती है।

पश्चिम बंगाल की भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि विपक्षी नेता मोदी को बार-बार ‘‘अपशब्द’’ कहने के बाद अब उनकी मां पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाला है कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत किसी भी विपक्षी नेता ने इस अपमानजनक टिप्पणी की आलोचना नहीं की। (भाषा)


अन्य पोस्ट