ताजा खबर

कोलकाता-बिलासपुर फ्लाइट का शेड्यूल बदला, अंबिकापुर उड़ान बंद
04-Jul-2025 11:54 AM
कोलकाता-बिलासपुर फ्लाइट का शेड्यूल बदला, अंबिकापुर उड़ान बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 4 जुलाई। कोलकाता-बिलासपुर रूट पर एलायंस एयर ने अपने फ्लाइट के दिन और समय में बदलाव किया है, वहीं दूसरी तरफ बिलासपुर-अंबिकापुर उड़ान को कम विजिबिलिटी के कारण जुलाई महीने के लिए बंद कर दिया गया है।

एलायंस एयर ने कोलकाता-बिलासपुर फ्लाइट का नया शेड्यूल जारी किया है। पहले यह फ्लाइट मंगलवार और गुरुवार को चलती थी, लेकिन अब यह बुधवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही फ्लाइट के समय में भी बदलाव किया गया है। नया शेड्यूल 1 जुलाई से लागू है और फिलहाल 15 जुलाई तक के लिए घोषित किया गया है। रविवार को फ्लाइट दिल्ली से 6.55 बजे उड़कर जबलपुर होते हुए 10.20 बजे बिलासपुर आएगी। यहां से 10.40 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगी और 12.30 बजे पहुंचेगी। कोलकाता से वापसी 13.05 बजे होगी और फ्लाइट 14.55 बजे बिलासपुर लौटेगी। यहां से 15.15 बजे उड़कर जबलपुर होते हुए 18.55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को दिल्ली से फ्लाइट 6.50 बजे रवाना होकर सीधे 9.50 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। फिर 9.50 बजे कोलकाता रवाना होगी और 11.40 बजे पहुंचेगी। वापसी 12.15 बजे होगी, बिलासपुर 14.05 बजे पहुंचेगी और यहां से 14.25 बजे जगदलपुर होते हुए जबलपुर और दिल्ली जाएगी।

इधर बिलासपुर-अंबिकापुर उड़ान को जुलाई माह में बंद कर दिया गया है। इसका कारण कम विजिबिलिटी (दृश्यता) बताया गया है। फ्लाई बिग एयरलाइन ने बताया कि इस रूट पर उड़ान के लिए कम से कम 5000 मीटर दृश्यता जरूरी होती है, लेकिन अंबिकापुर एयरपोर्ट में स्पेशल वीएफआर (विजुअल फ्लाइट रूल) की सुविधा नहीं होने के कारण बार-बार दिक्कतें आ रही हैं। मौसम की अनिश्चितता के चलते यह निर्णय लिया गया है कि फिलहाल उड़ानें बंद रहेंगी और आगे की स्थिति मौसम के आधार पर तय की जाएगी। मालूम हो कि बिलासपुर से अंबिकापुर के बीच 18 सीटर विमान का संचालन हो रहा था, लेकिन शुरुआत से ही यह सेवा विजिबिलिटी की समस्या से जूझ रही थी।
 


अन्य पोस्ट