ताजा खबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 8 फरवरी। रायगढ़ जिले में कुछ ही देरी पश्चात राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने वाली है। इससे पहले राहुल गांधी के सभा स्थल में अव्यवस्था का आलम देखने को मिला। वीआईपी गेट में एंट्री को लेकर कुछ नेताओं का सुरक्षाकर्मियों के साथ विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जिसके बाद रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा होते हुए अब कुछ ही देर पश्चात राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ओडिशा सीमा के लगे रेंगालपाली गांव पहुंचने वाला है। जहां राहुल गांधी की सभा आयोजित की गई है। इस सभा में शामिल होने कई दिग्गज कांगे्रसी रायगढ़ पहुंचे हुए हैं। लेकिन वीआईपी गेट में कई नेताओं को एंट्री नहीं दी जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक सबसे पहले सुरक्षा कर्मियों ने छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री मंत्री कवासी लखमा को रोका, जिसके बाद वे किसी तरह अंदर गए लेकिन बाद में कई पूर्व विधायकों के अलावा प्रदेश पदाधिकारियों को भी रोका गया। इस स्थिति में कई कांगे्रसी नेता इस कार्यक्रम की अव्यवस्था को कोसते नजर आये। इसी बीच रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक की भी गेट में तैनात सुरक्षा कर्मियों से बहस हो गई और वे गेट के सामने धरने पर बैठ गए। जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा किसी तरह प्रकाश नायक को शांत कराते हुए मामला शांत कराया गया।