ताजा खबर

तेज रफ्तार ट्रक ने बस, बाइक और कार को मारी टक्कर, 3 मौतें
14-Sep-2022 4:28 PM
तेज रफ्तार ट्रक ने बस, बाइक और कार को मारी टक्कर, 3 मौतें

घायलों में 3 की हालत गंभीर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 14 सितंबर।
आज दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस के साथ मोटरसाइकिल, कार और बस की प्रतीक्षा कर रहे यात्री को ठोकर मार दी, जिससे 3 लोगों की मौत हो गई, वहीं घायलों में से तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

हादसा बुधवार दोपहर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी थाना अंतर्गत ग्राम कोदवा के बस स्टैंड में हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक बस को ठोकर मारते हुए किनारे खड़े एक मोटरसाइकिल, कार एवं पास खड़े यात्री को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई, जिससे मौके पर ही एक की मौत हो गई एवं दो की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। इसके अलावा घायलों में से तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि घायलों का इलाज चल रहा है, अभी कुछ भी कहा नहीं जा सकता।

मृतकों में से एक ट्रक का चालक बताया जा रहा है, तो दूसरा स्थानीय निवासी है जो कि बस के इंतजार में रोड के किनारे खड़ा था। पलारी थाना पुलिस तुरंत ही घटनास्थल पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई है एवं घायलों को 108 की मदद से उप स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया जहां घायलों का इलाज चल रहा है।

ज्ञात हो कि रायपुर से बलौदाबाजार मार्ग में आए दिन गंभीर हादसे लगातार हो रहे हैं।  घटना में बस की गलती भी मानी जा रही है, क्योंकि यात्रियों को बस स्टैंड कोदवा में उतार रही बस रोड के ऊपर ही खड़ी थी एवं पीछे से तेज गति से आ रही ट्रक का चालक ब्रेक नहीं लगा पाया और बस को रगड़ते हुए एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल समेत कुचल दिया तथा आगे जाकर पेड़ से टकरा गया, जिससे पेड़ के किनारे खड़ी एक कार भी उसकी चपेट में आ गई।
 


अन्य पोस्ट