ताजा खबर

मोदी सरकार के 12 साल नक्सलमुक्ति का स्वर्णकाल : साय
10-Jun-2026 7:19 PM
मोदी सरकार के 12 साल नक्सलमुक्ति का स्वर्णकाल : साय

एनडीए शासित राज्यों की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नई दिल्ली, 10 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारत मंडपम में आयोजित एनडीए की विशेष बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 12 वर्ष जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास के लिए स्वर्णकाल साबित हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को दशकों पुरानी नक्सल समस्या से निर्णायक मुक्ति मिलने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में ‘नियद नेल्ला नार’ और ‘बस्तर मुन्ने’ जैसे अभियानों के जरिए योजनाओं का व्यापक क्रियान्वयन किया जा रहा है, जबकि सुरक्षा शिविरों को सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने और द्रौपदी मुर्मु के राष्ट्रपति बनने जैसी पहलें आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान को नई पहचान देने वाली रही हैं। पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों तक सड़क, बिजली, आवास और पेयजल जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं।

श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, लघु वनोपज खरीदी, किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना जैसी पहलें इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के माध्यम से 2 करोड़ 45 लाख जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।


अन्य पोस्ट