ताजा खबर
3 माह से फरार था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 14 सितंबर। न्यायालय से जेल ले जाते समय फरार आरोपी को दुर्ग रेल्वे स्टेशन से बालोद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। यह आरोपी 3 माह से फरार था और इसे पकडऩे पुलिस द्वारा टीम गठित किया गया था।
आरोपी के खिलाफ थाना बालोद में धारा 366, 386, 376(2)(ढ), 376 भादवि 4, 5(ठ), 6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध है और अभियुक्त के रूप में न्यायालय लाया गया था।
दरअसल पूरा मामला 6 जून का है, जहां उप जेल बालोद से आरोपियों की पेशी के लिए जिला न्यायालय बालोद ले गये थे। पेशी कराने के बाद आरोपी राजेन्द्र कुमार बंजारे (25) वार्ड क्रमांक 04 जैतखाम चौक राजपुर चौकी करही बाजार थाना बलौदाबाजार जिला बालोदाबाजार बड़ी चालाकी के साथ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
खिसकाया हथकड़ी और रफूचक्कर
पेशी हो जाने के बाद सभी आरोपियों को बस में बिठाया जा रहा था। इस दौरान एक आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए हांथ में लगे हथकड़ी को खिसकाने लगा और वह इसमें सफल भी हो गया। हथकड़ी हाथ से पूरी तरह निकल गई और वह पुलिस की अभिरक्षा से फरार होने में सफल हुआ।
फिर हुआ अपराध पंजीबद्ध
पुलिस की अभिरक्षा से फरार हो जाने से थाना बालोद में धारा 224 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया प्रकरण के फरार आरोपी एवं गिरफतारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉक्टर जितेंद्र यादव ने एक टीम बनाई जिसमे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री प्रतीक चतुर्वेदी की विशेष भूमिका रही।
टीम रायपुर बिलासपुर छानती रही
पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित टीम दुर्ग रायपुर बिलासपुर में दौरा करती रही जिसके बाद मुखबीर की सूचना एवं तकनिकी सहायता से आरोपी का बिलासपुर से दुर्ग ट्रेन के माध्यम से आने की सूचना पर रेल्वे स्टेशन दुर्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर एवं पूर्व के मामले में न्यायालय में पेश किया गया।


