ताजा खबर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। नेता प्रतिपक्ष बदलने की चर्चाओं के बीच प्रदेश भाजपा प्रभारी डी.पुरंदेश्वरी बुधवार को यहां पहुंचीं। उनके स्वागत के लिए पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल भी एयरपोर्ट पहुंचे थे। खास बात यह है कि चंदेल का नाम नए नेता प्रतिपक्ष के रूप में लिया जा रहा है।
एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में पुरंदेश्वरी ने साफ तौर पर कह दिया कि नेता प्रतिपक्ष बदला जाएगा। धरमलाल कौशिक की जगह कौन नेता प्रतिपक्ष होगा, यह विधायक दल की बैठक में तय होगा।
पुरंदेश्वरी के पार्टी दफ्तर पहुंचने के बाद विधायकों से रायशुमारी का दौर शुरू हो गया है। क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) अजय जामवाल ने विधायकों से वन टू वन चर्चा की है। समाचार लिखे जाने तक चर्चा का दौर जारी है। इस दौरान पार्टी के सभी 14 विधायक मौजूद थे। कहा जा रहा है कि विधायकों से चर्चा के बाद नेता प्रतिपक्ष के नाम का खुलासा किया जाएगा।
एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए चंदेल, और शहर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, ललित जैसिंघ भी थे।


