ताजा खबर
Instagram/@pallavidey153
मशहूर बांग्ला टीवी अभिनेत्री पल्लवी डे का शव उनके घर से बरामद हुआ है. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया है कि पल्लवी डे का शव दक्षिण कोलकाता के उनके किराए के घर से बरामद हुआ.
21 साल की पल्लवी को नज़दीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक़, अप्रैल में ही उन्होंने इस अपार्टमेंट को किराए पर लिया था. इस अपार्टमेंट में वो अपने लिव इन पार्टनर के साथ रहती थीं.
पत्रकारों से बातचीत में अपार्टमेंट के केयरटेकर ने बताया कि अभिनेत्री के पार्टनर ने केयरटेकर को ये कहते हुए बुलाया कि पल्लवी ने फांसी लगा ली है. केयरटेकर ने बताया कि उन्होंने और दूसरे घरेलू सहायकों ने बॉडी को नीचे उतारा और तुरंत पुलिस को जानकारी दी.
पुलिस उनके पार्टनर से घटनाओं को समझने के लिए पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद कुछ और जानकारी मिल सकेगी.
21 साल की पल्लवी डे कई बंगाली टीवी सीरियल्स में मुख्य भूमिका में नज़र आ चुकी हैं. (bbc.com)


